यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में प्रचंड जीत के बाद भाजपा विधान परिषद में भी तेजी से बहुमत की ओर बढ़ रही है। स्थानीय प्राधिकार क्षेत्र की विधानपरिषद की नौ सीटें बीजेपी पहले ही निर्विरोध जीत चुकी थी। आज 27 सीटों के लिए हुई मतगणना में भी ज्यादातर सीटों पर बीजेपी उम्मीदवार जीत रहे हैं। जौनपुर से बीजेपी के बृजेश सिंह प्रिंशू, रायबरेली से बीजेपी के दिनेश प्रताप सिंह और बहराइच से डॉ.प्रज्ञा त्रिपाठी चुनाव जीत गई हैं। वाराणसी-चंदौली-भदोही सीट से जेल में बंद बृजेश सिंह की पत्नी अन्नपूर्णा सिंह चुनाव जीत गई हैं। पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र में बीजेपी उम्मीदवार सुदामा पटेल तीसरे नंबर पर रहे। दूसरे स्थान पर सपा के उमेश पटेल रहे। सुदामा पटेल ने भितरघात का आरोप लगाया है। देवरिया से बीजेपी के रतनपाल सिंह और रायबरेली से दिनेश प्रताप सिंह की जीत हो गई है। समाजवादी पार्टी अभी तक किसी सीट पर आगे नज़र नहीं आ रही है।लखनऊ से पार्टी के वरिष्ठ नेेेता सुनील साजन भी चुनाव हार गए हैं। इस सीट से भाजपा के रामचंद्र प्रधान को जीत मिली है।
नौ सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुनाव जीत चुके हैं। इनमें लखीमपुर खीरी से अनूप कुमार गुप्ता, बांदा-हमीरपुर से जितेन्द्र सेंगर, एटा-मैनपुरी-मथुरा से आशीष यादव, ओम प्रकाश सिंह, बुलंदशहर से नरेन्द्र भाटी, अलीगढ़ से ऋषिपाल, हरदोई से अशोक अग्रवाल, मिर्जापुर-सोनभद्र से श्याम नारायण सिंह और बदायूं से वागीश पाठक शामिल हैं।
लाइव अपडेट्स:
UP MLC Election Result: मेरठ-गाजियाबाद सीट पर बीजेपी के धर्मेंद्र भारद्वाज की जीत
स्थानीय निकायों के एमएलसी चुनाव में मेरठ गाजियाबाद सीट पर भाजपा के धर्मेंद्र भारद्वाज जीत गए हैं। प्रथम वरीयता में उन्हें 3708 मत मिले। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी रालोद के सुनील रोहटा को करीब ढाई सौ वोट ही प्राप्त हो सके। 116 वोट रद्द कर दिए गए।
UP MLC Election Result: गोरखपुर-महराजगंज सीट पर 4432 वोटों से सीपी चंद की जीत
गोरखपुर-महराजगंज खंड स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी सीपी चंद ने 4432 वोटों से चुनाव जीत लिया है।
कचहरी क्लब में मंगलवार को हुई मतगणना में सीपी चंद को 4839 वोट मिले जबकि सपा प्रत्याशी रजनीश यादव को 407 वोट मिले हैं।
UP MLC Election Result: बस्ती-सिद्धार्थनगर सीट से BJP के सुभाष यदुवंश जीते
बस्ती-सिद्धार्थनगर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के सुभाष यदुवंश विधान परिषद सदस्य निर्वाचित हो गए हैं। मंगलवार को किसान डिग्री कॉलेज परिसर में हुई मतगणना में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के सन्नी यादव को 4280 वोटों से हराया। उन्हें कुल 5167 और सन्नी को 887 वोट मिला। मूलत: बनकटी क्षेत्र के रहने वाले सुभाष मौजूदा समय भाजपा के प्रदेश सचिव हैं। वह भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
MLC Election Result 2022: भाजपा के रतनपाल सिंह ने सपा के डॉ. कफील खान को हराया
एमएलसी चुनाव में भाजपा के रतनपाल सिंह ने सपा के डॉ. कफील खान को 3251 मतों के अंतर से हरा दिया। रतनपाल को 4282 मत मिले जबकि डॉ. कफील खान सिर्फ 1031 मत हासिल कर सके। कड़ी सुरक्षा के बीच मंगलवार को देवरिया-कुशीनगर स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र के लिए कलेक्ट्रेट में मतगणना हुई। मतगणना के दौरान करीब 10:30 बजे तक ही जीत की स्थिति साफ होने लगी। बीजेपी से दावेदारी कर रहे डॉ. रतनपाल सिंह अंत तक 3251 मतों से आगे बने रहे उनके बढ़त को देख समर्थकों के चेहरे पर खुशी का भाव बना रहा।मतगणना के लिए लगाए गए 8 टेबल पर गिनती की गई। अंत तक भाजपा के रतन पाल सिंह को 4282 वोट मिले थे। वहीं सपा से दावेदारी कर रहे कफील खान को 1031 वोट ही मिल सका। इस तरह भाजपा प्रत्याशी डॉ. रतन पाल सिंह 3251 वोट से आगे बने रहे। हालांकि मतगणना में मिले वोटों की पुष्टि अभी प्रशासन होनी बाकी है। बड़े अंतर से बढ़त देख भाजपा के समर्थकों में खुशी का माहौल है।
UP MLC Result: आजमगढ़ से निर्दल प्रत्याशी विक्रांत सिंह रिशु की जीत, बीजेपी को 2813 वोटों से हराया
आजमगढ़ में निर्दल उम्मीदवार एमएससी विक्रांत सिंह रिशु ने भाजपा प्रत्याशी को दी करारी हार दी है। उन्होंने 2813 मतों से भाजपा प्रत्याशी अरुण कांत यादव को दी करारी शिकस्त दी है। निर्दल प्रत्याशी विक्रांत सिंह रिशु को मिले कुल 4075 मत मिले। जबकि भाजपा प्रत्याशी अरुण कांत यादव को 1262 मत मिले। सपा प्रत्याशी राकेश यादव की जमानत जब्त हो गई है। राकेश यादव को कुल 356 वोट मिले हैं। विक्रांत भाजपा से निष्कासित एमएलसी यशवंत सिंह के पुत्र हैं।
UP MLC election result: वाराणसी में बृजेश सिंह की पत्नी आगे, बीजेपी तीसरे नंबर पर
वाराणसी में माफिया डॉन बृजेश सिंह की पत्नी निर्दलीय प्रत्याशी अन्नपूर्णा सिंह ने प्रथम वरीयता के मतों में बढ़त बनाई। सपा के उमेश पटेल दूसरे स्थान पर और भाजपा के सुदामा पटेल तीसरे स्थान पर चल रहे हैं।
UP MLC Result: देवरिया से रतन पाल सिंह, रायबरेली से दिनेश प्रताप सिंह की जीत
देवरिया सीट से भाजपा के रतन पाल सिंह चुनाव जीत गए हैं। रायबरेली से बीजेपी के दिनेश प्रताप सिंह को जीत मिली है।
UP MLC Result 2022: लखनऊ से भाजपा के रामचंद्र प्रधान जीते, सपा के सुनील साजन को हराया
स्थानीय प्राधिकार क्षेत्र से विधानपरिषद की 27 सीटों के लिए मतगणना लगातार जारी है। इस चुनाव में भाजपा को बढ़त मिली है। सपा के उम्मीदवार किसी सीट पर आगे नज़र नहीं आ रहे हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील साजन भी लखनऊ से चुनाव हार गए हैं। यहां से भाजपा के रामचंंद्र प्रधान की जीत हुई है।
MLC Chunav Result पर डिप्टी CM केशव मौर्य का ट्वीट,लिखा-जनता से सपा को नकार दिया
स्थानीय प्राधिकार यूपी एमएलसी की 27 सीटों के लिए मतों की गिनती का काम चल रहा है। इसमें बीजेपी की स्पष्ट बढ़त दिख रही है। जौनपुर और बहराइच-श्रावस्ती सीट पर पार्टी उम्मीदवार जीत गए हैं। अन्य कई सीटों पर उसके उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। इस बीच डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने एक ट्वीट के जरिए खुशी जाहिर की है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा- ‘मुझे विश्वास है आज विधान परिषद चुनाव 2022 की मतगणना में भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी,जनता ने सपा की गुंडागर्दी नकार दिया है!’
UP MLC Election Result: बहराइच-श्रावस्ती सीट से बीजेपी की प्रज्ञा त्रिपाठी, जौनपुर से बृजेश सिंह प्रिंशू जीते
श्रावस्ती-बहराइच सीट पर बीजेपी उम्मीदवार डा.प्रज्ञा त्रिपाठी की जीत की खबर मिल रही है। जौनपुर से बृजेश सिंह प्रिंशू की जीत हुई है। 3129 वोटों से उनकी जीत हुई है। बरेली, फर्रुखाबाद, सहारनपुर-मुजफ्फरनगर, रायबरेली और प्रतापगढ़ से बीजेपी के प्रत्याशी आगे चल रहे हैं।
UP MLC Electon Result: वाराणसी में BJP प्रत्याशी सुदामा पटेल ने बृजेश सिंह पर लगाया आरोप-जेल से प्रभावित किया गया चुनाव
वाराणसी में एमएलसी चुनाव की मतगणना में बीजेपी के सुदामा पटेल पीछे चल रहे हैं। इस सीट पर जेल में बंद बृजेश सिंह की पत्नी अन्नपूर्णा सिंह आगे चल रही हैं। इस बीच सुदामा पटेल ने जेल से चुनाव प्रभावित किए जाने का आरोप लगाया है। सुदामा पटेल ने यहां तक कहा कि मतगणना के दौरान भी पार्टी के कई कार्यकर्ता दूसरे उम्मीदवार के लिए काम कर रहे हैं।
MLC Election Result: शाहजहांपुर-पीलीभीत एमएलसी सीट पर काउंटिंग जारी, कुछ घंटों में आएगा रिजल्ट
शाहजहांपुर-पीलीभीत एमएलसी सीट के लिए चुनाव का परिणाम कुछ घंटों के बाद आ जाएगा। वोटों की गिनती शुरू हो गई है।
एमएलसी चुनाव को लेकर शाहजहांपुर के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में सुबह 6 बजे से ही मतदान कार्मिक अपनी अपनी ड्यूटी पर पहुंच गये। जिसके बाद ठीक 8 बजे जिलाधिकारी आरओ उमेश प्रताप सिंह व एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी सहित प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में सभी साथ मतगणना टेबल ऊपर एमएलसी चुनाव प्रत्याशियों के भाग्य पेटिका खोलनी शुरू हो गई। 8 बजे से लेकर 9 बजे तक सभी मतपत्रों को निकालकर उनके 25- 25 की गड्डियां बनाई गई, जिसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतपत्रों की गिनती शुरू हुई। शाहजहांपुर-पीलीभीत एमएलसी सीट पर भाजपा के सुधीर गुप्ता और सपा के अमित यादव के बीच मुकाबला है। दो आजाद उम्मीदवार भी हैं। कुल चार उम्मीदवार हैं।
MLC Election Result: वाराणसी से सुदामा पटेल, आजमगढ़ से निर्दल प्रत्याशी विक्रांत सिंह आगे
यूपी एमएलसी चुनाव की मतगणना लगातार जारी है। वाराणसी से बीजेपी के सुदामा पटेल और आजमगढ़ से निर्दल प्रत्याशी विक्रांत सिंह आगे चल रहे हैं। विक्रांत सिंह कुल 57 वोटों से आगे चल रहे हैं।
MLC Chunav Result: वाराणसी में आठ मेजों पर प्रथम चरण के मतों की गिनती पूरी
वाराणसी में एमएलसी चुनाव की मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पहड़िया मंडी में शुरू हो गयी है। जिला निर्वाचन अधिकारी और डीएम कौशलराज शर्मा के नेतृत्व में पहली श्रेणी की मतगणना सभी 8 टेबल पर पूरी की जा चुकी है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इसमें सभी मत पेटियां खोल कर मतपत्र निकाले गए हैं और उनके 25-25 के बंडल बनाये गए। अब इन बंडलों की मिक्सिंग चल रही है। मिक्सिंग के बाद द्वितीय श्रेणी की मतगणना शुरू होगी। इसमें 8 टेबल पर दो चक्र होंगे। पहले चक्र में हर टेबल पर 300 मत पत्र गिने जाएंगे। इस प्रकार प्रथम चक्र का 2400 वोट का परिणाम प्रत्याशीवार घोषित किया जाएगा। द्वितीय चक्र में 2476 वोटों की गिनती कर प्रत्याशी वार रिजल्ट जारी किया जाएगा।
UP MLC Election Result: आजमगढ़ से बीजेपी प्रत्याशी अरूण कांत का आरोप-पार्टी के लोगों ने नहीं दिया साथ
आजमगढ़ के बीजेपी प्रत्याशी अरुण कांत यादव ने कहा कि पार्टी के लोगों ने ही नहीं दिया साथ। जहां भाजपा के ब्लॉक प्रमुख वहां नहीं मिला वोट। पार्टी के 70 फीसदी नेता मेरे खिलाफ रहे।
UP MLC Election Result: अयोध्या में 12 मेजों पर गिने जा रहे हैं वोट, दोपहर तक आएंगे नतीजे
अयोध्या कलेक्ट्रेट में 12 मेजों पर मतगणना चल रही है। यहां पर भाजपा के हरिओम पाण्डेय, समाजवादी पार्टी के हीरालाल यादव तथा निर्दलीय प्रत्याशी नरेन्द्र देव मैदान में हैं। दोपहर तक नतीजे आने की संभावना है।
UP MLC Chunav: प्रयागराज से बीजेपी के केपी श्रीवास्तव, गोंडा से अवधेश आगे
प्रयागराज से मिले यूपी एमएलसी चुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझानों में बीजेपी के केपी श्रीवास्तव आगे चल रहे हैंं। इसी तरह गोंडा में अवधेश उर्फ मंजू सिंह आगे चल रहे हैं।
UP MLC Election Result: सीतापुर से पवन सिंह, रायबरेली से दिनेश प्रताप सिंह आगे
यूपी एमएलसी की 27 सीटों के लिए मतगणना जारी हैै। भाजपा लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। अभी तक के मिले रूझानों में सीतापुर से पवन सिंह और रायबरेली से दिनेश प्रताप सिंह आगे चल रहे हैं।