Chamkaur Sahib Seat Result 2022 Live: पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की चमकौर साहिब परंपरागत सीट है। इस सीट पर चन्नी 2007 से लगातार जीत हासिल कर रहे हैं। दिलचस्प बात है कि चन्नी की जिस उम्मीदवार से कड़ी टक्कर मानी जा रही है, उसका नाम भी चरणजीत सिंह ही है। वह आम आदमी पार्टी के टिकट से ताल ठोक रहे हैं। वहीं भाजपा की तरफ से दर्शन सिंह शिवजोत चुनावी मैदान में हैं। देखना दिलचस्प होगा कि चरणजीत सिंह चन्नी अपनी परंपरागत सीट बचा पाते हैं या नहीं। शुरुआती रुझानों में चन्नी आगे चल रहे हैं।
ऐसा है इस सीट का इतिहास
इस विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने पहली बार 2007 में चुनाव लड़ा था। तब वह निर्दलीय चुनाव लड़े थे। साल 2012 में चन्नी को यहां से कांग्रेस ने टिकट दिया था और वह जीतने में कामयाब रहे थे। वहीं साल 2017 के विधानसभा चुनाव में भी चन्नी ने जीत दर्ज की और आगे चलकर वह मुख्यमंत्री बने।
कम अंतरों से रही चन्नी की जीत
हालांकि चन्नी की यह परंपरागत सीट है, लेकिन इसके बावजूद उनकी जीत का अंतर बहुत ज्यादा नहीं रहा है। साल 2012 की बात करें तो चमकौर साहिब से चन्नी को 54,640 वोट मिले थे। जीत के अंतर का परसेंट 3 से भी कम था। हालांकि 2017 के चुनाव में इसमें सुधार हुआ था। तब चन्नी को 42 फीसदी वोट मिला था।