पांच विधानसभा चुनावों में हार के बाद कांग्रेस पार्टी ने राज्यों में संगठनात्मक बदलाव करने शुरू कर दिए हैं। 2024 के आम चुनाव को ध्यान में रखकर पार्टी इन दिनों चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर से भी चर्चा कर रही थी लेकिन बात बन नहीं पाई। अब पार्टी ने तीन राज्यों में बड़े बदलाव किए हैं। हालांकि देखना यह है कि आने वाले दिनों कांग्रेस की स्थिति में कोई बदलाव आएगा या नहीं?
कांग्रेस ने जिन राज्यों में बड़े बदलाव किए हैं उनमें पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं। पंजाब में हाल ही में कांग्रेस की सत्ता चली गई और आम आदमी पार्टी ने बहुमत हासिल कर सरकार बना ली। वहीं हरियाणा में 2024 में चुनाव होना है। हिमाचल प्रदेश में भी विधानसभा चुनाव करीब हैं।
जानकारों का कहना है कि पार्टी इन बदलावों के जरिए संदेश देना चाहती है कि वह नए लोगों और नई सोच को जगह देती है। ये तीनों राज्य ऐसे हैं जहां अब भी कांग्रेस का अस्तित्व खतरे में नहीं पड़ा है। हरियाणा में भी कांग्रेस पार्टी विपक्ष की भूमिका में है।
संबंधित खबरें
कांग्रेस ने शनिवार को ऐलान किया कि हरियाणा में उदय भान अब प्रदेश कांग्रेस कमिटी के चीफ होंगे। 58 साल के भान पलवल से विधायक रह चुके हैं और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबी माने जाते हैं। भान ने कुमारी शैलजा की जगह ली है। कैडर इस बात की मांग कर रहा था कि संगठन में कुछ बदलाव किए जाएं जिससे नई ऊर्चा का संचार हो।