election results 2022: पांचों राज्यों में विधानसभा चुनाव के परिणाम आ चुके हैं। चार राज्यों में भाजपा का भगवा रंग लहराया है। जबकि पंजाब पर आम आदमी पार्टी के हाथ सत्ता की चाबी लगी है। चुनाव परिणामों से एक बार और स्पष्ट हो गया कि किसान संगठनों की ओर से पहले की जा रही भाजपा विरोधी अपील का जनता पर कोई असर नहीं हुआ है। संयुक्त किसान मोर्चा के नेता योगेंद्र यादव ने चुनाव परिणामों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव में मिली भाजपा की जीत पर योगेंद्र यादव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, “चुनाव के नतीजे निराशाजनक हैं लेकिन चौंकाने वाले नहीं हैं। यह भारत की आत्मा को बचाने के संघर्ष के लिए एक झटका है। 2024 की राह हमेशा से कठिन थी लेकिन, आज और कठिन हो गई है। भारत संघर्ष करेगा। हम अपने गणतंत्र को पुनः प्राप्त करेंगे।”
ट्विटर पर एक वीडियो साझा करते हुए योगेंद्र यादव लिखते हैं कि अगर हम सत्ता से संघर्ष और समाज से संवाद करने के लिए तैयार हैं तो हम कमजोर नहीं हैं। हमारे पास इस देश की मिट्टी है, इस देश की विरासत है, हम अकेले नहीं हैं। लडेंगे… जीतेंगे!
यह भी पढ़ेंः इस बार होली 10 मार्च से ही शुरू… भाजपा की प्रचंड जीत पर बोले पीएम मोदी
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभाओं में भाजपा ने जीत का परचम लहराया और पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता रिपीट की है। उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भी भाजपा ने जीत हासिल की है। पंजाब में आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाकर सरकार बना ली है।