यूक्रेन पर जारी रूसी आक्रमण के बीच दुनियाभर के लोग यूरोपीय देश की मदद के लिए फंड जुटा रहे हैं। मशहूर गुजराती सिंगर गीता बेन रबारी ने यूक्रेन की मदद के लिए अमेरिका में कंसर्ट किया। इस दौरान उन पर डॉलर की बारिश हुई। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय (NRI) मौजूद रहे। कंसर्ट से इकट्ठा हुए फंड को यूक्रेन के लिए दान किया जाएगा। इस कंसर्ट की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
ये कंसर्ट अमेरिका के जॉर्जिया प्रांत के अटलांटा शहर में शनिवार को आयोजित हुआ। इसमें गीता बेन रबारी और उनके साथी मायाभाई अहीर और सनी जाधव ने भारतीय और गुजराती संगीत का समा बांध दिया। गीता बेन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कंसर्ट की तस्वीरें शेयर कीं।
संबंधित खबरें
गीता बेन की इस पोस्ट को 17 घंटे में 41 हजार से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं। इसके कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर मोजूद हैं।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक इस इवेंट को सूरत लेवा पटेल समाज की ओर से आयोजित किया गया। आयोजकों ने इस इवेंट से 3 लाख डॉलर यानी करीब 2.25 करोड़ रुपये का फंड इकट्ठा किया, जो यूक्रेन को दान किया जाएगा।
गीता बेन रबारी इन दिनों यूएस दौरे पर हैं। एक हफ्ते पहले उन्होंने टेक्सास में भी लाइव कंसर्ट किया था। इसके अलावा रविवार को उन्होंने लुइसविल शहर में लाइव परफॉर्मेंस दी।