पंजाब सहित पांच राज्य में हुए विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों में पंजाब में आम आदमी पार्टी ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है और क्लीन स्वीप करने जा रही है। दूसरी तरफ बीजेपी एक बार फिर यूपी, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में सरकार बनाती दिख रही है। पंजाब में AAP के प्रदर्शन से उत्साहित पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के लोगों को बधाई दी है।
दरअसल, अरविंद केजरीवाल ने ट्विटर पर पंजाब के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान के साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘इस इंकलाब के लिए पंजाब के लोगों को बहुत-बहुत बधाई।’ इसके साथ सोशल मीडिया पर पंजाब में आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन पर प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है। लोग आम आदमी पार्टी को बधाई दे रहे हैं।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक फिलहाल आम आदमी पार्टी पंजाब विधानसभा की 117 में से 89 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस अब तक 15 सीटों पर आगे चल रही है। दो पारंपरिक दलों कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल पंजाब में बुरी तरह हार रही है। 2017 के विधानसभा चुनावों की बात करें तो आप पार्टी ने पंजाब में 112 सीटों में से 20 पर जीत हासिल की थी और पार्टी को मुख्यमंत्री पद के चेहरे की घोषणा नहीं करने के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा था।
फिलहाल इस चुनाव में आप पार्टी पंजाब में शानदार प्रदर्शन करती दिख रही है। संगरूर के सांसद भगवंत मान को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया था।
इस इंक़लाब के लिए पंजाब के लोगों को बहुत-बहुत बधाई। pic.twitter.com/BIJqv8OnGa
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) March 10, 2022