विराट कोहली को मैदान पर उनके आक्रामक अंदाज के लिए जाना जाता है। कई बार उनकी विपक्षी टीम के खिलाड़ियों के साथ नोकझोंक भी देखने को मिलती है। ऐसी ही एक घटना आईपीएल 2020 के दौरान हुई थी जब कोहली मुंबई इंडियंस के बल्लेाबाज सूर्यकुमार यादव से भिड़ गए थे। मुंबई के इस खिलाड़ी ने दो साल बाद इस घटना का पूरी कहानी बताई है। आईपीएल के 13वें सीजन में 48वां मुकाबला मुंबई और बैंगलोर के बीच अबु धाबी में खेला गया था। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने मुंबई के सामने 165 रनों का लक्ष्य रखा था। इस स्कोर को एमआई ने सूर्यकुमार की शानदार पारी के दम पर 5 विकेट से अपने नाम किया था। सूर्यकुमार ने आरसीबी के खिलाफ इस दौरान 43 गेंदों पर 79 रन की पारी खेली थी।
YouTube शो ‘ब्रेकफास्ट विद चैंपियंस’ पर सूर्यकुमार यादव ने कोहली के साथ हुई इस घटना पर बात करते हुए कहा “यही उनकी शैली है। मैदान पर उनकी ऊर्जा का स्तर हमेशा अलग होता है। वह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण था इसलिए उस मैच में विराट की स्लेजिंग दूसरे स्तर पर थी। मैं खुद पर ध्यान केंद्रित कर रहा था, मैं अपने आप से कह रहा था ‘बॉस, आप फोकस नहीं खो सकते हैं और किसी भी कीमत पर मैच जीतना होगा’। गेंद उनके पास गई और उन्होंने वहां से वह एक्शन किया और यह बहुत सहज था।”
संबंधित खबरें
31 साल के इस खिलाड़ी ने आगे कहा “मुझे याद है कि मैं उस दौरान च्युइंग गम चबा रहा था और मेरे दिल की धड़कन यह जानकर दौड़ रही है कि वह (कोहली) मेरी ओर पर चल रहा है। वह कुछ नहीं कह रहा था, मैं कुछ नहीं कह रहा था। मैं खुद से कह रहा था ‘चाहे कुछ भी हो, एक भी शब्द मत कहना। 10 सेकंड की बात है। इसके बाद एक नया ओवर शुरू होगा। यह लंबे समय तक नहीं चलेगा।’ स्थिति बीत गई और फिर मैंने मैच के बाद ही उसे देखा।”
सूर्यकुमार यादव के लिए आईपीएल 2020 शानदार रहा था। उन्होंने चार अर्धसतकों की मदद से मुंबई इंडियंस के लिए 480 रन बनाए थे। मुंबई ने इसी साल रिकॉर्ड 5वां आईपीएल खिताब भी जीता था।