फिल्ममेकर विवेक रंजन अग्निहोत्री (Vivek Ranjan Agnihotri) सोशल मीडिया पर खूब एक्टिव रहते हैं और अक्सर अलग- अलग मुद्दों पर अपनी बात बेबाकी से रखते हैं। सिनेमा से लेकर राजनीति तक पर विवेक रंजन अग्निहोत्री अपनी बात रखते हैं और कभी उन्हें सोशल मीडिया यूजर्स का सपोर्ट मिलता है, तो कभी वो ट्रोल होते हैं। इस बीच विवेक रंजन अग्निहोत्री ने बॉलीवुड के खान एक्टर्स पर तंज कसा है।
क्या है विवेक रंजन अग्निहोत्री का ट्वीट
दरअसल विवेक रंजन अग्निहोत्री ने एक मीडिया हाउस के आर्टिकल को रिट्वीट करते हुए लिखा, ‘जब तक बॉलीवुड में किंग्स, बादशास, सुल्तान्स रहेंगे, जब तक ये डूबता रहेगा। इसे लोगों की इंडस्ट्री बनाया जाए, लोगों की कहानियों के साथ। तब जाकर ये ग्लोबल फिल्म इंडस्ट्री बन पाएगी।’ विवेक अग्निहोत्री का ये ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है और सोशल मीडिया यूजर्स इस पर रिएक्ट कर रहे हैं।
कैसा है सोशल मीडिया यूजर्स का रिएक्शन
सोशल मीडिया यूजर्स का इस ट्वीट पर मिक्स रिएक्शन देखने को मिल रहा है। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स जहां विवेक के ट्वीट के समर्थन में हैं, तो दूसरी ओर लोग उनकी बात से असहमत भी दिख रहे हैं। विवेक अग्निहोत्री के ट्वीट पर एक यूजर ने लिखा- ‘अगर प्यार से हम किसी को कुछ बुलाते हैं, तो इससे आपको क्या दिकक्त है?’ एक दूसरे ने लिखा, ‘सिनेमा की इस लिस्ट में काका से लेकर शहंशाह और खिलाड़ी तक शामिल हैं, क्या उन्होंने भी सिनेमा डुबाया है?’ वहीं एक दूसरे ने लिखा, ‘इन खान्स और सुल्तान के चक्कर में सिनेमा डूब रहा है, सारा पैसा यही ले लेते हैं।’
ज्यादा एक्टिव हुए विवेक अग्निहोत्री
याद दिला दें कि विवेक अग्निहोत्री की कुछ वक्त पहले रिलीज हुई फिल्म द कश्मीर फाइल्स को दर्शकों का तगड़ा सपोर्ट मिला था। कमजोर शुरुआत के बाद फिल्म को माउथ पब्लिसिटी का फायदा मिला और लोगों के इमोशन्स से जुड़ने के बाद फिल्म सुपर हिट साबित हुई। फिल्म को क्रिटिक्स से लेकर जनता तक ने खूब पसंद किया। द कश्मीर फाइल्स की सक्सेस के बाद विवेक अग्निहोत्री सोशल मीडिया पर ज्यादा ही एक्टिव हो गए हैं और करीब करीब हर मुद्दे पर अपनी बात रखते हैं।